Ranchi News : झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद रांची जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। जिला प्रशासन ने होमगार्ड नियुक्ति परीक्षा की प्रखंडवार मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। यह मेरिट सूची ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर तैयार की गई है।
महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित
जिला प्रशासन द्वारा जारी मेरिट सूची में सभी प्रखंडों के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग कटऑफ तय की गई है। शहरी क्षेत्र के गैर-तकनीकी पुरुष वर्ग के लिए कटऑफ 27 अंक निर्धारित किया गया है, जबकि गैर-तकनीकी महिला वर्ग के लिए कटऑफ 34 अंक रखा गया है। अन्य वर्गों और प्रखंडों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ अंक निर्धारित किए गए हैं।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए 15 दिनों का समय, फर्जी दस्तावेज मिलने पर रद्द होगी उम्मीदवारी
उपायुक्त सह गृह रक्षक नामांकन समिति के अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को मेरिट सूची को लेकर कोई आपत्ति है तो वह 15 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए अभ्यर्थी को स्वयं उपस्थित होकर हस्ताक्षरयुक्त आवेदन, पावती और पहचान पत्र के साथ आपत्ति पंजी में अपनी शिकायत दर्ज करनी होगी। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों के तहत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची जारी होने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा जमा किए गए दस्तावेज, प्रमाण पत्र या अन्य जानकारी फर्जी पाई जाती है तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी। ऐसे मामलों में वरीयता सूची में उसके नीचे स्थान प्राप्त अभ्यर्थी को चयन का अवसर दिया जाएगा।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुआ अगला चरण
अधिकारियों के अनुसार मेरिट सूची पर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद चयनित अभ्यर्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई की जाएगी। इससे संबंधित विस्तृत सूचना प्रशासन द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड हाई कोर्ट ने गृह रक्षक भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और परीक्षा परिणाम प्रकाशित करने का निर्देश दिया था। अदालत के निर्देश के अनुपालन में जिला प्रशासन ने मेरिट सूची जारी कर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की शुरुआत कर दी है। इससे लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है।