Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-11

Bokaro News : देर रात फल मंडी में लगी भीषण आग, लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख

Bokaro News : सिटी थाना क्षेत्र के दुंदीबाग बाजार स्थित फल मंडी में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से तीन फल दुकानें और उनके पीछे बनी झोपड़ीनुमा संरचनाएं जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे फल मंडी से आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बीएसएल की दो और झारखंड सरकार की एक दमकल गाड़ी ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

आग की इस घटना में कई क्विंटल फल, कैरेट और अन्य व्यापारिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। फल कारोबारियों ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। कारोबारी निवारण महतो ने बताया कि उन्होंने हाल ही में करीब छह लाख रुपये मूल्य का एक ट्रक आम मंगवाया था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा दुकान में रखे अन्य फल और जरूरी सामान भी जलकर राख हो गए।

आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

घटना के बाद प्रभावित कारोबारियों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आग से हुए भारी नुकसान के कारण उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन ने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !