Seraikela: चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बिरराजपुर रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में लगी एजेंसी करण इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों द्वारा लोहे की गैस कटिंग के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल किए जाने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य के दौरान खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर लोहे की गैस कटिंग की जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक अथवा औद्योगिक कार्यों में उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बॉटलिंग प्लांट की निकटता से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिरराजपुर रेलवे स्टेशन के समीप ही इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर गैस कटिंग किए जाने से संभावित दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से शिकायत की है और पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कार्रवाई पर टिकी सबकी नजर
अब लोगों की नजर रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर टिकी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।