Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-11

Iran US Tension: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर फिर बढ़ा तनाव, ईरान की चेतावनी के बीच अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का दावा

Iran US Tension: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर गहरा गया है. ईरान ने गुरुवार को होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने का ऐलान करते हुए सख्त चेतावनी जारी की है. ईरान की ओर से कहा गया है कि तेल टैंकरों और व्यवसायिक जहाजों समेत किसी भी पोत ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. इस बीच ईरान और अमेरिका की ओर से सामने आए अलग अलग दावों ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है.
होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर हमले का दावा
तनाव के बीच ईरानी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को निशाना बनाया गया है. इन दावों के बाद क्षेत्र में चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावों को किया खारिज
दूसरी ओर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावों को खारिज करते हुए कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद नहीं हुआ है. CENTCOM के मुताबिक अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है, जिसे सफल माना जा सके. अमेरिकी पक्ष का कहना है कि समुद्री गतिविधियां पूरी तरह बाधित नहीं हुई हैं.

अमेरिका ने कई ईरानी ठिकानों पर शुरू की सैन्य कार्रवाई
इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि अमेरिकी समयानुसार शाम 5 बजकर 15 मिनट से ईरान के कई ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है.

उन्होंने इस कार्रवाई को आत्मरक्षा के तहत उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि अमेरिका अपनी सुरक्षा और अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है.

ईरान के दक्षिणी हिस्सों में कई धमाकों की खबर
ईरानी मीडिया के मुताबिक देश के दक्षिणी क्षेत्रों में कई जगह धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं. सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि केशम और हेंगाम द्वीपों पर प्रोजेक्टाइल गिरने के बाद विस्फोट हुए हैं.

इसके अलावा बंदर अब्बास में एयरपोर्ट और एयरबेस के आसपास भी कई धमाकों की सूचना मिली है. वहीं मेहर न्यूज एजेंसी ने कंगान बंदरगाह क्षेत्र में भी विस्फोट होने की जानकारी दी है.

ईरानी सेना ने दी कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी
तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक ईरानी सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार है. ईरान की ओर से कहा गया है कि यदि अमेरिका की तरफ से आगे भी किसी तरह की आक्रामक कार्रवाई की जाती है तो उसका गंभीर और कड़ा जवाब दिया जाएगा.

वैश्विक बाजार और समुद्री व्यापार पर बढ़ सकती है चिंता
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में गिना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल की आपूर्ति होती है. ऐसे में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकता है, बल्कि इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है.

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान की चेतावनी, जहाजों पर हमले के दावे और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बीच पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. दोनों देशों की ओर से आ रहे दावों और जवाबी चेतावनियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है. अब दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में यह टकराव किस दिशा में आगे बढ़ता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !