Giridih: गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस वाहन पर पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना का लाभ उठाकर पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल गांव में मौजूद है। बताया जाता है कि चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का निवासी है और इन दिनों अपनी ससुराल चिकसोरिया में ठहरा हुआ था। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चूरामन मंडल को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान गांव में इसकी जानकारी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस टीम को घेरा, पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई तथा पुलिस वाहन पर पथराव किया गया। इस दौरान वाहन के शीशे टूट गए। हालांकि किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अफरा-तफरी और हंगामे के बीच आरोपी चूरामन मंडल मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद गांडेय इंस्पेक्टर समेत आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई थी, लेकिन विरोध और पथराव के कारण वह फरार हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाया गया है और मामले में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है।