Giridih News: शहर के हुट्टी बाजार स्थित शहीद सीताराम उपाध्याय चिल्ड्रेन पार्क में उस समय हड़कंप मच गया जब तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मृत पाई गई। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में कथित तौर पर जहर डाल दिया, जिससे करीब 3 क्विंटल मछलियों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। सुबह-सुबह पानी की सतह पर तैरती मृत मछलियों को देखकर स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
मछली पालन पर भारी पड़ी साजिश, 2 लाख से ज्यादा का नुकसान
जानकारी के अनुसार, मत्स्य विभाग ने मार्च 2025 में इस तालाब के लिए मछली पालन का टेंडर जारी किया था। इसके बाद स्थानीय युवक संदीप मल्हा ने इसे अपनी मेहनत और आजीविका का जरिया बनाया था और पूरी लगन से मछली पालन कर रहे थे। लेकिन बुधवार सुबह जब वे तालाब पहुंचे तो उनकी मेहनत पर पानी फिर चुका था और पूरा तालाब मरी हुई मछलियों से भरा पड़ा था।
तालाब में जहर डालने का आरोप
पीड़ित संदीप मल्हा ने आरोप लगाया है कि यह किसी सुनियोजित साजिश का नतीजा है, जिसमें उनके तालाब में जहर डालकर उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद कर दी गई। उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन से त्वरित जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और स्थानीय नागरिकों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।