Ranchi News: राजधानी रांची में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है. पुलिस अधीक्षक (यातायात) के निर्देश पर 11 जून को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक बड़ा वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की.
हेलमेट और पार्किंग पर सबसे ज्यादा गाज
इस एक दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 3,494 चालान काटे. इसमें सबसे बड़ी कार्रवाई बिना हेलमेट के फर्राटा भरने वाले बाइक सवारों पर हुई, जहां 1,668 लोगों को पकड़ा गया. इसके अलावा, शहर की रफ्तार में रोड़ा अटकाने वाली नो पार्किंग और सड़कों पर अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करने के 1,317 मामले दर्ज कर चालान थमाए गए.
11 दिनों में करीब 38 हजार कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की यह सख्ती सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं है. आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 11 जून के बीच महज 11 दिनों के भीतर शहर में कुल 37,907 चालान किए जा चुके हैं. इस दौरान रेड लाइट जंप करने, ओवर स्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग और नो एंट्री में घुसने वाले वाहन चालकों को भी भारी जुर्माना भुगतना पड़ा है.
भागने वालों पर होगी सीधी FIR
यातायात पुलिस ने आम जनता से सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करने की सख्त अपील की है. इसके साथ ही पुलिस ने कड़े लहजे में चेतावनी दी है कि चेकिंग के दौरान जो लोग अपनी गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.