Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में हुई फायरिंग और मारपीट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से फायर किए गए खोखे बरामद किया हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार 10 जून को रामजनम नगर स्थित मरीन ड्राइव के नीचे बिहारी बस्ती में एक युवक और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोपियों ने फायरिंग करने के साथ-साथ ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच और छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सती घाट, खरकई नदी किनारे से आशु कर्मकार और राजेश लोहार को गिरफ्तार किया। बाद में विशाल कर्मकार और शुभम लोहार उर्फ शिवम लोहार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के कारण उन्होंने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार बदले की भावना से फायरिंग की गई थी।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल राजेश लोहार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या और अन्य गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक कौशलेन्द्र कुमार ठाकुर, दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, भोला राणा, अमीर हमजा, सहायक अवर निरीक्षक तसौवर हुसैन खान, हवलदार वरुण महतो तथा आरक्षी सिदिउ तैसुम सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।