National News: भारत सरकार ने भारतीय सेना के नए प्रमुख के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार राष्ट्रपति ने उन्हें अगला सेनाध्यक्ष नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 30 जून 2026 को मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के रिटायर होने के बाद भारतीय सेना की कमान संभालेंगे. उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा.
चार दशक से ज्यादा का सैन्य अनुभव
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के पास करीब चार दशकों का सैन्य अनुभव है. वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं और दिसंबर 1986 में आर्म्ड कॉर्प्स में कमीशन हुए थे.
अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और रणनीतिक जिम्मेदारियां संभाली हैं. उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्र में बख्तरबंद रेजिमेंट, बख्तरबंद ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी बल का नेतृत्व किया है.
कई अहम जिम्मेदारियों में निभाई भूमिका
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने लेफ्टिनेंट जनरल बनने के बाद सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाली. इसके अलावा उन्होंने दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी सेवाएं दी हैं.
उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई अभियानों में अहम भूमिका निभाई है.
जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी
मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 जून 2024 को सेनाध्यक्ष का पद संभाला था. नियमों के अनुसार सेना प्रमुख का कार्यकाल तीन साल या 62 वर्ष की आयु तक होता है, जो भी पहले पूरा हो. धीरज सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.