Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-13

Jamshedpur News: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस का नशामुक्ति अभियान, रेलकर्मियों को दी गई सीपीआर और अग्नि सुरक्षा की ट्रेनिंग

Jamshedpur: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से शनिवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन स्थित कैरेज एंड वैगन विभाग की सिक लाइन में नशामुक्ति एवं आपदा प्रबंधन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलकर्मियों, ठेका मजदूरों और कर्मचारियों के बीच जागरूकता पर्चे वितरित कर नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान सिविल डिफेंस के सदस्यों ने तंबाकू, सिगरेट, गुटखा और पान मसाला के सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

सीपीआर और अग्निशमन उपकरण चलाने का दिया प्रशिक्षण
जागरूकता शिविर में कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य की भी ट्रेनिंग दी गई। सिविल डिफेंस टीम ने नदी या तालाब में डूबने वाले व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विधि तथा फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही आग बुझाने का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि तंबाकू और नशीले पदार्थ शरीर के विभिन्न अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशा छोड़कर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जीने की शपथ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार और समाज के प्रति बेहतर जिम्मेदारी निभा सकता है।

बड़ी संख्या में रेलकर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैरेज एंड वैगन सिक लाइन के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अंबुजा मंडल, सुमन कुमार, तकनीशियन, वेल्डर, स्टोरकीपर, ठेका मजदूर समेत बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। वहीं सिविल डिफेंस के डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद, वालंटियर संजय कुमार और वीरेंद्र मंडल ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई तथा जागरूकता सामग्री वितरित कर कार्यक्रम को सफल बनाया। यह कार्यक्रम आदित्यपुर के मंडल यांत्रिक अभियंता सिद्धांत वर्मा के निर्देश पर आयोजित किया गया। उन्होंने सिविल डिफेंस टीम से ऐसे आपदा प्रबंधन एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से प्रत्येक माह आयोजित करने का अनुरोध किया, ताकि कर्मचारियों को सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर लगातार जागरूक किया जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !