Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास सड़क दुर्घटना के बाद हुए हंगामे और सड़क जाम मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
गोलमुरी थाना के एएसआई अखिलेश्वर माझी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, नाजायज मजमा लगाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने सड़क जाम कर दिया था और पुलिसकर्मियों का घेराव करते हुए नारेबाजी की थी. इसके कारण कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है. फुटेज के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है. पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि रविवार दोपहर आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक पिकअप वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल हो गई थी. हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया था.
काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल कराया गया.