Jamshedpur: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं, नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति और लंबित विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जमशेदपुर महानगर सहित जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इसके कारण आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जदयू ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग की।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग
जदयू ने शहर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था और जाम की समस्या पर चिंता जताई। पार्टी ने कहा कि प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लोगों को प्रतिदिन घंटों जाम से जूझना पड़ता है। ज्ञापन में कहा गया कि दिशा की बैठक में सीसीटीवी युक्त स्थानों पर वाहन जांच और चालान की कार्रवाई का निर्णय लिया गया था, लेकिन इसका अपेक्षित प्रभाव नहीं दिख रहा है। पार्टी ने मांग की कि यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य यातायात को सुचारू बनाना होना चाहिए तथा नियम तोड़ने वालों पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑनलाइन चालान की प्रभावी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
चालान भुगतान प्रक्रिया को बनाने की मांग
जदयू ने चालान भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और यातायात पुलिस ट्रैफिक प्रबंधन पर अधिक ध्यान दे सके। पार्टी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना का टेंडर महीनों पहले हो चुका है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला नहीं जा रहा है। जदयू ने आरोप लगाया कि नियमित कचरा उठाव नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्टी ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित कचरा निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की।
पेयजल संकट से परेशान हैं लोग
ज्ञापन में जिले के कई क्षेत्रों में गहराते पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी ने कहा कि कई इलाकों में देर रात या तड़के सुबह जलापूर्ति की जा रही है, जिसके कारण लोगों को रात में जागकर पानी भरना पड़ता है। जदयू ने मानगो क्षेत्र में इनडोर और आउटडोर स्टेडियम निर्माण की मांग करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। बेहतर खेल अवसंरचना के अभाव में युवा खिलाड़ियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जेएनएसी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग
पार्टी ने जेएनएसी क्षेत्र में सड़कों और नालियों पर फैले कचरे, सफाई व्यवस्था में अनियमितताओं और सफाई कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से उठाई। ज्ञापन में जुस्को द्वारा पेयजल कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में अपनाई जा रही कथित टालमटोल की नीति पर भी चिंता जताई गई। जदयू ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
विशेष अभियान चलाने की मांग
जदयू ने उपायुक्त से आग्रह किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के तहत काम करने का निर्देश दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।