Jamshedpur Crime News: साकची थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने बिपिन शुक्ला को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने बंगाल क्लब रोड के पास अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप एक अज्ञात व्यक्ति पर फायरिंग की थी. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 एमएम की एक गोली बरामद की है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद लगातार छिप रहा था और शहर छोड़ने की फिराक में था.
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसने पुरानी रंजिश और डराने-धमकाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी.
हथियार बरामद, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद किया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर फायरिंग करने वाला दशरथ का भाई है बिपिन
बता दें कि मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर फायरिंग करने वाला दशरथ शुक्ला का भाई गिरफ्तार बिपिन शुक्ला है. बताते चले कि दशरथ शुक्ला ने कुख्यात प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के साथ मिलकर जमशेदपुर के व्यापारियों से रंगदारी वसूलने का काम लिया था और जमशेदपुर में शूटर्स तैयार कर हरीश सिंह पर फायरिंग की थी. इस मामले में दशरथ शुक्ला जेल जा चूका है और हाल ही में जेल से बाहर आया है.