Gorakhpur Triple Murder: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई. बांसगांव थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने कथित तौर पर सोते समय अपने बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी जान ले ली. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
देर रात सो रहे परिवार पर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब तीन बजे की है. अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय बेटे रेयान गुप्ता एक ही कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. आरोपी को हिरासत में लेने के साथ घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है.
पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है. मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर बांसगांव थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजहों की गहराई से जांच की जा रही है.