Bihar News: पटना से सहरसा जा रही राजेन्द्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिदरगंज हॉल्ट के पास ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इंजन से धुआं उठते ही यात्रियों के बीच किसी बड़े हादसे की आशंका से हड़कंप मच गया और ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जान बचाने की कोशिश में ट्रेन से कूदने लगे यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजन से धुआं निकलता देख कई यात्री घबरा गए और ट्रेन पूरी तरह रुकने का इंतजार किए बिना ही नीचे कूदने लगे। कुछ ही देर में एक बोगी लगभग खाली हो गई। यात्रियों में अपनी सुरक्षा को लेकर इतनी बेचैनी थी कि हर कोई जल्द से जल्द ट्रेन से बाहर निकलने की कोशिश करता नजर आया।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन को दिदरगंज हॉल्ट के समीप रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्री तेजी से नीचे उतरने लगे। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के चेहरों पर डर साफ दिखाई दे रहा था। धुएं के कारण कुछ समय के लिए पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
आधे घंटे तक रुकी रही ट्रेन, तकनीकी जांच में जुटी टीम
घटना के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक दिदरगंज हॉल्ट पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने इंजन की गहन जांच की और धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने में जुट गए। जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
टला बड़ा खतरा, जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है, जो सबसे बड़ी राहत की बात है। हालांकि अचानक हुए इस घटनाक्रम ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इंजन से धुआं निकलने की वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षित सलामती को ही सबसे बड़ी राहत माना जा रहा है।