Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-24

Dhanbad News : बरवाअड्डा में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा बयान, बोले- शिबू सोरेन को मिलना चाहिए था भारत रत्न

Dhanbad News : जामताड़ा से रांची जाने के दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी बुधवार को धनबाद के बरवाअड्डा स्थित  अपना ढाबा  पहुंचे। यहां झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग, राज्यसभा चुनाव, स्वास्थ्य व्यवस्था और कैंसर की दवाओं की कीमत सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।


शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की उठाई मांग

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि वह जानबूझकर  अपना ढाबा  आए हैं, क्योंकि इसी स्थान पर उनकी मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन से हुई थी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान मिलना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान है। हालांकि उनका मानना है कि शिबू सोरेन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए और केंद्र सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

राज्यसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए इरफान अंसारी ने भाजपा पर पैसे के बल पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जनता हराती तो बात समझ में आती, लेकिन यहां पैसे का प्रभाव देखने को मिला। उन्होंने कहा, "जनता इरफान अंसारी के साथ है और पैसा भाजपा के साथ है।" साथ ही भाजपा पर झारखंड के हितों की अनदेखी करने और व्यवसायियों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का किया दावा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 200 से अधिक डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिनमें कई सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को बेहतर वेतन और सुविधाएं देकर सरकारी अस्पतालों की सेवाओं में सुधार किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।

कैंसर की दवाओं की कीमत पर जताई चिंता

कैंसर की दवाओं की बढ़ती कीमतों पर इरफान अंसारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस गंभीर बीमारी के इलाज को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए केंद्र सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारियों की दवाएं बेहद महंगी हैं और इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका किसी भी प्रकार के घोटाले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता के साथ काम किया जा रहा है और सरकार का उद्देश्य राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !