Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और सदर अस्पताल में भर्ती ब्रेन मलेरिया से पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों के परिजनों से बातचीत की और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
मरीजों की स्थिति स्थिर, बेहतर इलाज के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। दवा, जांच, रक्त, बेड या अन्य आवश्यक सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगातार मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में भर्ती सभी ब्रेन मलेरिया मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पोटका में स्वास्थ्य विभाग चला रहा विशेष अभियान
उपायुक्त ने बताया कि पोटका प्रखंड के प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर सर्वे, बुखार की जांच, मलेरिया स्क्रीनिंग, दवा वितरण और मच्छरदानी के उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम भी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, ठंड लगना या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें ताकि मलेरिया के संक्रमण से बचाव हो सके।