Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने देवघर एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं बंद किए जाने की खबरों पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर देवघर से संचालित सभी मौजूदा उड़ानों को जारी रखने और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त फ्लाइट शुरू करने की मांग की है.
बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का उठाया मुद्दा
अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. विशेष रूप से श्रावण माह में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, ऐसे में हवाई सेवाएं कम करना या बंद करना लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनेगा.
उड़ानें कम हुईं तो बढ़ेगा यात्रा का समय और खर्च
इरफान अंसारी ने कहा कि यदि उड़ान सेवाएं बंद या कम की जाती हैं तो यात्रियों को अधिक समय और अधिक खर्च के साथ यात्रा करनी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जहां नई उड़ानें शुरू की जानी चाहिए, वहीं मौजूदा उड़ानों को बंद करने की चर्चा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है. उन्होंने मांग की है कि देवघर एयरपोर्ट से संचालित सभी मौजूदा उड़ान सेवाएं पहले की तरह जारी रखी जाएं और श्रद्धालुओं व अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त फ्लाइट भी शुरू की जाए.
आंदोलन की भी दी चेतावनी
इरफान अंसारी ने कहा कि यदि इस निर्णय पर दोबारा विचार नहीं किया गया और उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं, तो श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार आस्था और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेगी.