Rampur Rally: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए जिम्मेदार रहे, वही आज खुद को आस्था का सबसे बड़ा समर्थक बताने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपने पुराने फैसलों पर आत्ममंथन करना चाहिए.
690 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
रामपुर के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री ने 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब बिना किसी भेदभाव के सभी धार्मिक पर्व और परंपराएं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हो रही हैं. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और हर वर्ग के लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है.
पिछली सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भय का माहौल था. उनके मुताबिक उस समय बहन-बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठते थे और कई धार्मिक आयोजनों पर भी पाबंदियां लगाई जाती थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में विकास का लाभ सीमित लोगों तक ही पहुंचता था.
उन्होंने यह भी दावा किया कि रामपुर में गरीब और कमजोर वर्गों की जमीनों पर अवैध कब्जे की घटनाएं होती थीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कर ऐसी व्यवस्था को बदलने का काम किया.
शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुरूप नए डिग्री कॉलेज और आईटीआई खोले जा रहे हैं, जबकि पुराने शिक्षण संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है.
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल है. किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है, जबकि सड़क, पुल और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में भी लगातार सुधार हो रहा है.
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बलदेव सिंह औलख, स्थानीय विधायक आकाश सक्सेना सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.