Adityapur: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने के दौरान एक ज्वेलरी दुकानदार पर चापड़ से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़ भी बरामद किया है। आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत परासर ने बताया कि मंगलवार को रोड नंबर-07 रायडीह बस्ती निवासी प्रेम चन्द्र वर्मा ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रोड नंबर-15 निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी और रोड नंबर-23 निवासी आदित्य कश्यप दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग करने लगे।
विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
पीड़ित के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने उस पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में पु०अ०नि० संजीत कुमार, विमलेश महतो, स०अ०नि० विक्रम कुमार, रामजतन प्रसाद, आरक्षी उमाशंकर सिंह और विकास पांडेय शामिल थे।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा का बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चापड़ को बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।