Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने रविवार को बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग इलाके में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध चुलाई शराब बनाने वाली भट्ठी को ध्वस्त कर दिया गया और कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।
20 लीटर अवैध शराब बरामद, 6000 किलो जावा-महुआ नष्ट
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से करीब 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। वहीं शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले लगभग 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। विभाग के अनुसार यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
आरोपियों पर दर्ज होगा मामला, अभियान रहेगा जारी
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध चुलाई शराब की भट्ठी संचालित करने वालों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।