Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रविवार रात बारीडीह निवासी राजेश कुमार से चापड़ के बल पर पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की गई. पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपी मोबाइल और चापड़ छोड़कर भाग निकले.
पीड़ित के अनुसार वह मार्केटिंग से जुड़ा काम करते हैं. उन्होंने बताया कि वह सड़क किनारे रुके थे. इसी दौरान दो पहिया वाहन से दो युवक वहां पहुंचे और उनसे पैसे मांगने लगे.
पैसे लेने के बाद फिर की मोबाइल छीनने की कोशिश
राजेश कुमार के अनुसार, दोनों युवकों ने पहले उनसे पैसे मांगे. उन्होंने कुछ पैसे दे भी दिए, लेकिन इसके बाद आरोपी और रकम मांगने लगे. आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर युवकों ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया.
पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने चापड़ निकालकर डराने और हमला करने की कोशिश की. राजेश ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पहुंचे.
गाड़ी के अनियंत्रित होने पर छोड़ गए चापड़ और मोबाइल
लोगों को जुटता देख दोनों युवक बाइक से भागने लगे. कुछ दूर जाने के बाद उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गिर गई. इस दौरान आरोपियों के पास मौजूद दो चापड़ सड़क पर गिर गए.
बताया गया कि आरोपी मोबाइल भी मौके पर छोड़कर भाग निकले. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी.
दो युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है.
हालांकि, पुलिस ने अभी हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि दोनों का इस घटना से सीधा संबंध है या नहीं.
थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. बरामद चापड़, पीड़ित के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.