Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
फॉल्स सीलिंग का काम कर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत
हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर घर लौट रहे थे।
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद काफी देर तक एंबुलेंस और पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया और विरोध स्वरूप टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
ट्रक जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।