Baruipur Rape Murder Case: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के बाद भड़की हिंसा में जान गंवाने वाले इंद्रजीत मंडल के परिवार से शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने मुलाकात की. पुलिस जांच में इंद्रजीत मंडल को निर्दोष पाए जाने के बाद उन्होंने परिवार के लिए आर्थिक सहायता और अन्य राहत उपायों की घोषणा की. इस दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही.
परिवार को आर्थिक मदद के साथ नौकरी और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा
सुवेंदु अधिकारी ने इंद्रजीत मंडल के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया. इसके अलावा मृतक के बड़े भाई को सिविक वॉलिंटियर के पद पर नियुक्ति देने की घोषणा की गई. उन्होंने बताया कि परिवार के पिता को वृद्धावस्था पेंशन और मां को अन्नपूर्णा योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि निर्दोष व्यक्ति की मौत बेहद दुखद है और परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
उकसाने वालों पर होगी कार्रवाई, पुलिस जांच जारी
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हिंसा भड़काने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. उनके अनुसार घटनास्थल पर मौजूद लोगों के साथ साथ पर्दे के पीछे से माहौल बिगाड़ने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. अधिकारी ने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि कानून के दायरे में रहकर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाएगा.