Ranchi Commercial Market: राजधानी रांची में शहरी विकास को नई दिशा देने की तैयारी की जा रही है. इसी कड़ी में डेली मार्केट, कांटाटोली बस स्टैंड और बड़ा घाघरा में आधुनिक कमर्शियल मार्केट विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. हालांकि अभी इस योजना को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है. संबंधित विभागों की स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
प्रस्तावित परियोजना के जरिए शहर में आधुनिक व्यापारिक ढांचा तैयार करने, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने, कारोबार को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की योजना है.
डेली मार्केट के कारोबारियों ने जताई चिंता
डेली मार्केट में प्रस्तावित निर्माण को लेकर वहां वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि नई व्यवस्था से उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है. इस पर रांची नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि वर्तमान दुकानदारों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा. निगम के मुताबिक, नया मार्केट तैयार होने के बाद सबसे पहले मौजूदा दुकानदारों को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी. इसके बाद बची हुई दुकानों का आवंटन नए वेंडरों और अन्य आवेदकों को किया जाएगा. नगर निगम का कहना है कि नई योजना के तहत पहले की तुलना में अधिक दुकानें बनाई जाएंगी. इससे पुराने दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और नए कारोबारियों को भी अवसर मिल सकेगा. साथ ही पार्किंग, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा.
कांटाटोली बस स्टैंड क्षेत्र को भी किया गया शामिल
प्रस्ताव में कांटाटोली बस स्टैंड क्षेत्र का भी पुनर्विकास शामिल है. यहां आधुनिक कमर्शियल मार्केट बनने से बस स्टैंड परिसर अधिक व्यवस्थित होगा. यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आसपास का व्यापारिक माहौल भी मजबूत होने की उम्मीद है.
बड़ा घाघरा में कोर्ट के फैसले के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
बड़ा घाघरा में भी कमर्शियल मार्केट विकसित करने की योजना बनाई गई है. हालांकि इस जमीन से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है. नगर निगम का कहना है कि अदालत का फैसला आने के बाद उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी.