Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-15

Hemant Soren Review Meeting: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में जताई नाराजगी, वर्षों से लंबित योजनाओं को दो महीने में पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

Hemant Soren Review Meeting: झारखंड में सड़क और पुल निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़ा रुख अपनाया है. पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्षों से लंबित सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाएं अगले दो महीने के भीतर पूरी की जाएं. तय समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

बुधवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभाग की पिछले पांच वर्षों की प्रगति, निर्माणाधीन योजनाओं और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का आकलन किया. उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. ऐसे में निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया.



सभी सड़क और पुल परियोजनाओं की होगी जियो-टैगिंग
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य की सभी सड़क और पुल परियोजनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की जियो-टैगिंग की जाए और उसकी लागत, समय-सीमा तथा कार्य प्रगति का पूरा विवरण ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए. इससे योजनाओं की निगरानी आसान होगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी.

सड़क संबंधी शिकायतों पर तुरंत हो कार्रवाई
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए खराब सड़कों, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आती हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी शिकायतों पर बिना देरी कार्रवाई की जाए और उसके निस्तारण का रिकॉर्ड भी रखा जाए.

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान खराब सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं. इसलिए गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था और सड़क की गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता दी जाए.

संकरी सड़कों के चौड़ीकरण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने उन क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा, जहां संकरी सड़कें यातायात में बाधा बन रही हैं. साथ ही पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत करने, जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए.



रांची की लंबित परियोजनाओं पर विशेष फोकस
हेमंत सोरेन ने रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं पर विशेष चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को ट्रैफिक और आवागमन की समस्याओं से राहत मिल सके. बैठक में सोलर साइकिल ट्रैक समेत अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए.

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !