Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले से पश्चिम बंगाल की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसका यौन शोषण करने और करीब दो लाख रुपये ठगने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था। मिली जानकारी के मुताबिक, करीब दो साल पहले विशाल राणा की पहचान सोशल मीडिया के जरिए वर्धमान की रहने वाली एक युवती से हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे दोनों की बातचीत प्यार में बदल गई और विशाल ने शादी का पक्का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
बीमारी का बहाना बनाकर युवती से ऐंठे पैसे
संबंध आगे बढ़ने पर विशाल ने अपने घर वालों की बीमारी का हवाला देकर पीड़िता से अलग-अलग किस्तों में करीब दो लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन रकम हाथ में आते ही आरोपी ने युवती से दूरियां बनानी शुरू कर दीं, उसका फोन उठाना बंद कर दिया और अंत में शादी करने से साफ मुकर गया। खुद को ठगा हुआ पाकर पीड़िता ने वर्धमान थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन कोडरमा में ट्रेस की और पश्चिम बंगाल के वर्धमान थाने की पुलिस टीम ने शनिवार देर रात तिलैया थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी के पैतृक घर पर छापेमारी की और उसे दबोच लिया। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वर्धमान पुलिस आरोपी को आगे की न्यायिक कार्रवाई के लिए बंगाल ले गई है जहां मामले की जांच कि जाएगी।