Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-20

Bihar Crocodile Attack : बिहार में खेत से लौट रहे किसान को मगरमच्छ ने नदी में खींचा, तलाश अभियान जारी

Bihar Crocodile Attack :  पश्चिम चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में 45 वर्षीय किसान केदार बैठा की मौत हो गई. रविवार दोपहर खेत से घर लौटते समय भपसा नदी पार करने के दौरान यह हादसा हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और वन विभाग ने खोज अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक किसान का शव बरामद नहीं हो सका.
नदी पार करते समय हुआ हादसा
बगहा-2 प्रखंड के नौरंगिया थाना क्षेत्र स्थित भुलटोला सिरिसिया गांव के रहने वाले केदार बैठा खेत में निराई-गुड़ाई का काम खत्म कर साथियों के साथ लौट रहे थे. घर पहुंचने के लिए उन्हें गुलहरिया सरेह की भपसा नदी पार करनी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह नदी में उतरे, पानी में मौजूद मगरमच्छ ने उनके पैर पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया.

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश, देर रात तक नहीं मिला शव
घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और लाठी समेत अन्य सामान फेंककर मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया. हालांकि किसान को बचाया नहीं जा सका और वह पानी में लापता हो गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस, स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. नाव और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शव नहीं मिल सका. प्रशासन ने सोमवार को भी खोज अभियान जारी रखने की जानकारी दी.

परिवार में मातम, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
केदार बैठा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी शीला देवी, दो बेटे बुजेश बैठा और राजेश बैठा तथा एक बेटी सीमा हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी मगरमच्छ देखे गए हैं और हाल के समय में ऐसे हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं. लोगों ने पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने, मगरमच्छ को पकड़ने और नदी किनारे स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से खोज अभियान जारी था.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !