Ramgarh News : जिले के पतरातू प्रखंड स्थित महुआ टोला के ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर से आ रहे कथित मनमाने बिजली बिल के विरोध में सोमवार को भुरकुंडा विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष हाथों में तख्ती-बैनर लेकर कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिल कई गुना बढ़ गया है। कई उपभोक्ताओं के बिल 40 हजार से 50 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि झारखंड सरकार की 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना के बावजूद भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
विभाग बोला- सर्वर की गड़बड़ी से हुई समस्या, बिल किए जाएंगे संशोधित
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने या वैकल्पिक मीटर लगाने की मांग की। उनका कहना है कि गलत बिलों के कारण उपभोक्ता लगातार परेशान हो रहे हैं और विभाग को इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करना चाहिए।
वहीं, भुरकुंडा विद्युत विभाग के एसडीओ रोहिताश कुमार ने बताया कि सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के कारण कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल में गड़बड़ी हुई थी। विभाग इस समस्या का समाधान कर रहा है और जिन उपभोक्ताओं के बिल गलत बने हैं, उन्हें संशोधित कर सही राशि के साथ अपडेट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं के बिल पहले ही ठीक किए जा चुके हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।