JPSC Protest: 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए झारखंड सरकार और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को कटघरे में खड़ा किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि अभ्यर्थियों के मन में कई गंभीर सवाल हैं, जिनका आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए.
मार्कशीट और OMR को लेकर उठाए सवाल
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों को जारी की गई मार्कशीट में आयोग के सक्षम अधिकारियों या सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत OMR शीट की प्रति उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. साथ ही आयोग की वेबसाइट पर भी कई जरूरी जानकारियां सार्वजनिक नहीं हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
"लाखों युवाओं के भविष्य का मामला"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लाखों युवाओं ने कड़ी मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा दी है. ऐसे में यदि चयन प्रक्रिया पर संदेह पैदा होता है तो आयोग की जिम्मेदारी है कि वह सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर अभ्यर्थियों की शंकाएं दूर करे.
22 जुलाई को JPSC कार्यालय का घेराव
इन मुद्दों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा 22 जुलाई को रांची में JPSC कार्यालय का घेराव करेगा. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम से मार्च के साथ होगी, जहां से कार्यकर्ता आयोग कार्यालय तक प्रदर्शन करेंगे.
आदित्य साहू ने राज्य के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह किसी दल का नहीं, बल्कि निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों का सवाल है.