Ranchi News : झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने सोमवार को रांची में आयोजित प्रेसवार्ता में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया की समय सीमा 15 दिन बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के नेतृत्व में पार्टी के विधायकों ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) से मुलाकात कर 29 जुलाई को समाप्त हो रही मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।
के. राजू ने कहा कि अभी बड़ी संख्या में मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटाइजेशन और मैपिंग का कार्य पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में जल्दबाजी में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने पर कई पात्र मतदाताओं के नाम छूट सकते हैं या उन्हें अनावश्यक नोटिस का सामना करना पड़ सकता है।
सचिवालय में मीडिया की एंट्री रोकने पर भी जताई आपत्ति
कांग्रेस ने पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान गांवों में ग्राम सभा आयोजित कर मतदाताओं का सत्यापन कराने की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि इससे मृत मतदाताओं के नाम हटाने, फर्जी या दोहराए गए नामों की पहचान करने और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने में आसानी होगी। के. राजू ने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है।
प्रेसवार्ता के दौरान राज्य सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर लगी रोक का मुद्दा भी उठा। इस पर के. राजू ने कहा कि उन्होंने किसी अन्य राज्य में ऐसी व्यवस्था नहीं देखी। उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें सचिवालय में प्रवेश मिलना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि कई राज्यों में वयस्क आबादी और मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से बूथ से लेकर गांव, प्रखंड और जिला स्तर तक अपने संगठन को भी मजबूत कर रही है और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। प्रेसवार्ता में प्रदीप यादव, राजन वर्मा, डॉ. तौसीफ, ऋषिकेश सिंह, गजेंद्र सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।