Pakur News : जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) गांव में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को 20 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि पत्थरघट्टा निवासी सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
घर से विदेशी शराब और बीयर का बड़ा जखीरा बरामद
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से रॉयल स्टैग कंपनी की 350 एमएल की तीन बोतल, 180 एमएल की 36 बोतल तथा किंगफिशर कंपनी की 650 एमएल की 46 बोतल बीयर बरामद की गई। बरामद सभी शराब को जब्त कर लिया गया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 180/2026 के तहत झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।