Ranchi News : गैंगस्टर अमन साव एनकाउंटर मामले में झारखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई. इस दौरान राज्य सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा. सरकार ने कोर्ट को बताया कि मामले में नए अनुसंधानकर्ता (IO) की नियुक्ति हुई है. उन्हें केस का अध्ययन करने के लिए समय चाहिए. इसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद तय की.
अमन साव की मां ने इस एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने की मांग
पिछली सुनवाई में राज्य सरकार ने सीआईडी की केस डायरी सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को सौंपी थी. इसके साथ फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच से जुड़े अन्य दस्तावेज भी कोर्ट में पेश किए गए थे.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता हेमंत सिकरवार ने कहा था कि इस मामले में दो अलग-अलग केस दर्ज होने चाहिए थे. उनका कहना था कि दो मामलों की एक साथ जांच नहीं हो सकती. उन्होंने यह भी कहा कि अमन साव की मां किरण देवी की ओर से दी गई ऑनलाइन एफआईआर अब तक दर्ज नहीं की गई है.
अमन साव की मां किरण देवी ने इस एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. इसी मांग पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर जनहित याचिका के रूप में मामले की सुनवाई शुरू की है.