BREAKING: झारखंड में JPSC विवाद को लेकर CID की कार्रवाई तेज हो गई है. इसी क्रम में गुरूवार को आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर सीआईडी ने छापेमारी की है. पुलिस बल के साथ सीआईडी JPSC से संबधित दस्तावेज खंगालेगी.
बता दें कि जांच के दौरान CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने JPSC कार्यालय के साथ-साथ परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी TDPL (TSR Data Processing Private Limited) के कार्यालय और राज्य के कई अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए. इन्हीं शुरुआती साक्ष्यों और शिकायतों के आधार पर जांच एजेंसी ने पूरे मामले में अपनी कार्रवाई तेज कर दी.
जांच में मिले तथ्यों के आधार पर CID थाना में कांड संख्या 16/2026 (22 जुलाई 2026) दर्ज किया गया. इसके बाद JPSC की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, TSR Data Processing Private Limited के निदेशक रामवीर सिंह, एजेंसी से जुड़े मो. उस्मान, मो. एबाद और अभय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जांच एजेंसी अब इन सभी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की पड़ताल कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.