Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-23

Jamshedpur News: जमशेदपुर में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पैसे लेने का आरोप, ASI समेत तीन पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल

Jamshedpur: जमशेदपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से दोबारा शुरू की गई वाहन जांच अब विवादों में घिर गई है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गोपाल मैदान गोलचक्कर के पास ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से पैसे लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के सामने हुई चापड़बाजी की घटना और उसके बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए करीब 20 दिनों तक ट्रैफिक जांच अभियान बंद था। जिसके अब दोबारा शुरू हुए अभियान के शुरुआती दौर में ही कथित वसूली का मामला सामने आने से विभाग की किरकिरी हो रही है।

हेलमेट जांच के नाम पर पैसे लेने का आरोप
वायरल वीडियो में बिष्टुपुर गोपाल मैदान गोलचक्कर के पास तैनात एएसआई ललन सिंह और आरक्षी प्रकाश कुमार व पंकज कुमार नजर आ रहे हैं। आरोप है कि वाहन जांच के दौरान एक बाइक चालक को रोका गया और उसे एक पुलिसकर्मी ने "बड़े साहब" से मिलने के लिए कहा। इसके बाद बाइक चालक को एएसआई ललन सिंह के पास भेजा गया, जहां कथित तौर पर पैसे की मांग की गई। वीडियो में युवक द्वारा पैसे दिए जाने और पुलिसकर्मी द्वारा उसे लेने की गतिविधि दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कैमरे से बचने के लिए बैरियर के पीछे लेन-देन का आरोप
आरोप लगाया जा रहा है कि ट्रैफिक जांच के दौरान पैसे लेने के लिए बैरियर के पीछे की जगह का इस्तेमाल किया गया, ताकि यह गतिविधि सीसीटीवी कैमरे की नजर से दूर रहे। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाया हैं कि अगर वाहन जांच नियमों के पालन के लिए की जा रही है तो फिर इस तरह की गतिविधियां क्यों सामने आ रही हैं।

एसएसपी के निर्देशों के बीच उठा सवाल
जमशेदपुर में नए एसएसपी डॉ. वकारिब के कार्यभार संभालने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्ती की बात कही जा रही थी। इसी बीच दोबारा शुरू हुए चेकिंग अभियान के दौरान कथित वसूली का वीडियो सामने आने से पुलिस विभाग की छवि पर असर पड़ा है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की ओर से मामले की जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !