NEET Protest : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान परीक्षा पेपर लीक मामले की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक सरकार के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं होगी।
कांग्रेस ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान को "भ्रष्ट शिक्षा मंत्री" बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उन्हें तत्काल पद से हटाएं। उन्होंने मांग की कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और प्रधानमंत्री छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
लोकसभा में बोलने नहीं देने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने चर्चा की बात कही, लेकिन जब वे जवाब देने के लिए खड़े हुए तो उनका माइक बंद कर दिया गया। राहुल ने कहा कि संसदीय परंपरा के अनुसार जिस व्यक्ति का नाम लिया जाता है, उसे जवाब देने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक, छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध लगातार बना हुआ है।