Seraikela: गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सरायकेला जिले में गौ माता को "राष्ट्रमाता" का दर्जा देने की मांग को लेकर आदित्यपुर में शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है और अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने इसका समर्थन किया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभियान के प्रभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल ने कहा कि देशभर के संतों का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना है। उनका कहना था कि गोहत्या पर पूर्ण रोक और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने से देश में शांति स्थापित होगी तथा भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।
जिला प्रभारी सीमा पांडे ने बताया कि सरायकेला जिले के सभी 9 प्रखंडों और दोनों अनुमंडलों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि 27 जुलाई को उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि यदि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलता है तो उनके संरक्षण और सम्मान को बढ़ावा मिलेगा तथा सड़कों पर बेसहारा घूमने वाली गायों की समस्या के समाधान की दिशा में भी कदम उठाए जा सकेंगे। उन्होंने सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रेस वार्ता में सुमित खंडेलवाल, सीमा पांडे, मधुलिका गौतम, सुनीता कुमारी, राजकुमार गोराई और सोमनाथ गोराई सहित अभियान से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।