Chakulia Robbery Case: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया में एक रिकवरी एजेंट से दिनदहाड़े पिस्तौल दिखाकर 35 हजार रुपये लूट लिए गए. वारदात उस समय हुई जब एजेंट लोगों से बकाया राशि वसूलकर घर लौट रहा था. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रेलवे फाटक के पास वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक जादूगोड़ा के इचड़ा रोड निवासी सुमित मंडल रिकवरी एजेंट के रूप में काम करते हैं. शुक्रवार सुबह करीब 11.15 बजे वह चाकुलिया क्षेत्र से वसूली कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बरकोला रेलवे फाटक के पास बाइक सवार एक बदमाश ने उन्हें रोक लिया और पिस्तौल दिखाकर उनके पास मौजूद 35 हजार रुपये लेकर फरार हो गया.
पीछा करने की आशंका, दर्ज हुई एफआईआर
पीड़ित सुमित मंडल ने घटना की जानकारी चाकुलिया थाना पुलिस को दी और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई. प्रारंभिक जांच के अनुसार आशंका है कि आरोपी पहले से ही रिकवरी एजेंट की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सुनसान स्थान मिलने पर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद शनिवार को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से जानकारी जुटाई. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.