Hazaribag News: हजारीबाग जिले के गिद्दी स्थित एक क्रेशर में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग के गुर्गों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में हनुमान चौक निवासी 18 वर्षीय करण कुमार (पिता- राजू दास) के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल को मौके पर मौजूद सीसीएल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से गिद्दी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
फायरिंग के बाद धमकी भरी पर्ची छोड़ फरार हुए बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलमेट पहने तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचे और बाइक खड़ी कर पैदल क्रेशर तक आए। इसके बाद उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने एक धमकी भरी पर्ची भी छोड़ी, जिसमें आनंद जैन को “मैनेज” करने की चेतावनी देते हुए ऐसा नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात लिखी गई है।
फायरिंग के बाद पुलिस ने की नाकेबंदी
घटना के बाद गिद्दी पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी। विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी में इस घटना में राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आने के बाद स्थानीय व्यवसायियों और क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।