Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।
अवैध खनन और ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके साथ ही एनजीटी के आदेश के तहत बालू घाटों से उठाव पर प्रतिबंध, वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, बिना पंजीकरण वाले वाहनों की धरपकड़ और ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने पिछले महीने की कार्रवाई को असंतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन रोकने में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जून में 555 टन अवैध खनिज जब्त
जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक ने बताया कि जून माह में 16 अभियानों के दौरान 511 टन बालू और 44 टन पत्थर समेत कुल 555 टन अवैध खनिज जब्त किया गया। इस दौरान दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, 16 वाहनों को जब्त किया गया और अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से 35.62 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अवैध खनन रोकने के लिए समन्वित अभियान जारी रहेगा
उपायुक्त ने कहा कि जनहित और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए खनन गतिविधियों का संचालन पूरी तरह कानून के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि प्रशासन आगे भी अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखेगा। बैठक में डीएफओ सबा आलम अंसारी, रूरल एसपी शुभम खंडेलवाल, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, डीटीओ दिलीप कुमार, जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।