Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के डुमरी टोला इलाके में मारपीट की घटना सामने आई है। मामला उस परिवार से जुड़ा है, जिसके 12 वर्षीय बेटे सचिन मुर्मू की कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री आवास योजना की निर्माणाधीन इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। अब सचिन के पिता के साथ मारपीट का आरोप सामने आया है।
लोगों को शोकसभा में बुलाने निकले थे पिता
जानकारी के अनुसार, सचिन मुर्मू के पिता अपने बेटे की शोकसभा को लेकर समाज के लोगों को आमंत्रित करने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह अपने वाहन के पास पहुंचे, जहां पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान हुई मारपीट में सचिन के पिता को चोटें आईं। घटना के बाद घायल सचिन के पिता को परिजनों ने इलाज के लिए लक्ष्मी नर्सिंग होम पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्ष बिरसानगर थाना पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत पुलिस को दी। दूसरे पक्ष की ओर से भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारण और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
सचिन मुर्मू मौत मामले से जुड़ा है विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सचिन मुर्मू की निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना की इमारत से गिरकर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने बच्चे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। इस मामले में बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस पहले से जांच कर रही है। अब मारपीट की नई घटना सामने आने के बाद पुलिस दोनों मामलों के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।