Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-26

Dhanbad Crime News: धनबाद में जयराम मांझी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

Dhanbad: धनबाद पुलिस ने कतरास थाना क्षेत्र के जयराम मांझी हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम चौहान और कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कई सामान बरामद किया हैं। बरामद वस्तुओं पर खून के निशान मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

झाड़ियों में मिला था जयराम मांझी का शव
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को कतरास थाना क्षेत्र के सोरीटांड़ इलाके में जयराम मांझी की हत्या कर दी गई थी। अपराधियों ने पत्थर से उनके सिर और चेहरे पर वार कर उनकी जान ले ली थी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस को 23 जुलाई की शाम सोरीटांड़ के पास कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी।

छापेमारी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर जयराम मांझी की कार खड़ी मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक अपनी कार से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान अपराधियों ने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। एसआईटी ने तकनीकी जांच और मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया।

लोहे का पाइप, पत्थर और अन्य सामान जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से खून लगा लोहे का पाइप, खून लगा पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के खून लगे कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !