Jharkhand Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदलकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओड़िशा-पश्चिम बंगाल तट के पास सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इसका असर अगले कई दिनों तक झारखंड के मौसम पर दिखाई देगा. राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
शनिवार सुबह 8:30 बजे यह सिस्टम सागर द्वीप से करीब 130 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और बालासोर से लगभग 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था. अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होने तथा उत्तर ओड़िशा और पश्चिम बंगाल तट से गुजरने की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे के दौरान भी झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 23 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा में रिकॉर्ड हुई.
एक अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम
26 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. दक्षिणी, मध्य और उत्तरी इलाकों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. 27 जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ेगा. कई जिलों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. 28 और 29 जुलाई को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. 30 जुलाई से एक अगस्त तक भी मौसम का यही मिजाज रहने का अनुमान है. हालांकि एक अगस्त को फिर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.
तापमान में भी आएगी गिरावट
अगले दो दिनों तक तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
26 जुलाई को गुमला और खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 27 जुलाई को गुमला, खूंटी, रांची और लोहरदगा में भारी बारिश का अनुमान है. 28 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
रांची का मौसम
26 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहेंगे. एक-दो दौर की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 27 और 28 जुलाई को दो या उससे अधिक बार बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 29 और 30 जुलाई को भी मौसम सुहाना बना रहेगा. बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
झारखंड में अब तक 29 फीसदी कम बारिश
इस मानसून में बारिश की रफ्तार अब भी सामान्य से काफी पीछे है. एक जून से 26 जुलाई 2026 तक राज्य में सामान्य से 29 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है. इस अवधि में सामान्य तौर पर 455.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 325 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई है.
बारिश की सबसे अधिक कमी चतरा और गढ़वा में दर्ज की गई है. चतरा में सामान्य के मुकाबले 64 फीसदी कम बारिश हुई है. यहां 411.1 मिलीमीटर की जगह केवल 149.2 मिलीमीटर वर्षा हुई. गढ़वा में भी 64 फीसदी की कमी दर्ज की गई. यहां सामान्य 389.1 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 140.7 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके अलावा पाकुड़ में 60 फीसदी, देवघर में 55 फीसदी, कोडरमा में 52 फीसदी और गोड्डा में 48 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है. गिरिडीह में 45 फीसदी, पलामू में 43 फीसदी, हजारीबाग में 41 फीसदी और रामगढ़ में 40 फीसदी कम बारिश हुई है. बोकारो में 35 फीसदी, लातेहार में 31 फीसदी तथा गुमला और लोहरदगा में 29 फीसदी वर्षा की कमी रिकॉर्ड की गई है. जामताड़ा में 26 फीसदी, खूंटी में 22 फीसदी और पूर्वी सिंहभूम में 20 फीसदी कम बारिश हुई है.
इन जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर
कुछ जिलों में स्थिति बाकी राज्य की तुलना में बेहतर रही है. पश्चिमी सिंहभूम में केवल 3 फीसदी, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में 5-5 फीसदी तथा साहिबगंज में 9 फीसदी बारिश की कमी दर्ज हुई है. रांची और दुमका में 17-17 फीसदी जबकि धनबाद में 19 फीसदी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है.