काम के दौरान हुआ जोरदार विस्फोट
पुलिस के मुताबिक, सुबह फैक्ट्री में नियमित रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. विस्फोट इतना भीषण था कि उसकी चपेट में आए दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को सूचना दी. इसके बाद पुलिस, दमकल कर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत अभियान में जुट गए.
एक मजदूर अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
हादसे में घायल तीसरे मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है और लगातार निगरानी में रखा गया है.
पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विस्फोट किस वजह से हुआ और कहीं सुरक्षा नियमों की अनदेखी या किसी तरह की लापरवाही तो इसकी वजह नहीं बनी.
फैक्ट्री की वैधता और सुरक्षा इंतजामों की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस टिनशेड में विस्फोट हुआ, वहां पटाखा निर्माण का काम किया जा रहा था. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित इकाई को संचालन की अनुमति प्राप्त थी या नहीं और वहां निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं.
शिवकाशी देश के सबसे बड़े पटाखा उत्पादन केंद्रों में गिना जाता है. यहां पहले भी इस तरह के हादसे सामने आ चुके हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था और अवैध इकाइयों पर लगातार सवाल उठते रहे हैं.