Jamshedpur News : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
मृतक की पहचान गणेश पात्रो (18) के रूप में हुई है। वहीं, घायल निखिल साहू को गंभीर हालत में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और एक हाथ टूट गया है।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे। रामजनमनगर के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। गणेश पात्रो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निखिल साहू गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कदमा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी और दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।