Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-26

Jharkhand Political News: परिसीमन और JPSC-JSSC धांधली पर बंधु तिर्की के तीखे तेवर, बाबूलाल मरांडी को बताया भ्रष्टाचार का सूत्रधार

Jharkhand Political News: झारखंड में आदिवासी सीटों के परिसीमन और भर्ती घोटालों को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने आदिवासी महाजुटान रैली से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के राजनीतिक अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर भी तीखा हमला बोला.

परिसीमन पर जताई आपत्ति
बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य में आदिवासी महाजुटान रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. रैली के बाद पूरे झारखंड में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और परिसीमन के मुद्दे पर लोगों को जागरूक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिसीमन का विरोध नहीं कर रही, लेकिन यदि 2011 की जनगणना के आधार पर आदिवासी आरक्षित सीटें कम करने की कोशिश हुई तो उसका विरोध किया जाएगा. उनका कहना था कि आदिवासी आबादी के प्रतिनिधित्व को कमजोर करने के बजाय सीटों की संख्या बढ़ाने पर विचार होना चाहिए.

सीएम से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मुद्दे पर जल्द सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव राहुल गांधी के सामने भी रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेताओं और केंद्रीय कानून मंत्री से भी मुलाकात की जाएगी, ताकि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित महाजुटान रैली में देशभर के कई प्रमुख आदिवासी नेता शामिल होंगे.

JPSC-JSSC मामलों पर भाजपा पर हमला
भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार की शुरुआत भाजपा शासनकाल में हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि जेएसएससी घोटाले में तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप प्रसाद जेल गए थे और उस समय की सरकार इसकी जिम्मेदार थी. उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की बात हो रही है तो सबसे पहले उन लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, जिनके कार्यकाल में इसकी शुरुआत हुई.

बाबूलाल मरांडी को बनाया निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का नाम लेते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि मरांडी के शासनकाल में ही ऐसी व्यवस्थाएं बनीं, जिनसे बाद में भर्ती घोटालों को बढ़ावा मिला. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार जेपीएससी मामलों की निगरानी कर रही है और जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं.



"युवाओं के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा"
बंधु तिर्की ने भाजपा पर युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष सड़क पर प्रदर्शन तो करता है, लेकिन विधानसभा के भीतर युवाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर प्रभावी ढंग से आवाज नहीं उठाता. उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं, आदिवासियों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !