Adityapur: सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा आदित्यपुर एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की संयुक्त बैठक रविवार को आदित्यपुर-2 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की। संचालन अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाईं ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संघ अध्यक्ष डी.एन. ओझा ने दिया।
30 MLD प्लांट को लेकर जताई नाराजगी
बैठक में सीतारामपुर स्थित 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर चर्चा की गई। 15 जुलाई तक प्लांट शुरू नहीं होने पर जुडको और जिंदल की वादा-खिलाफी की निंदा की गई। हालांकि, उपायुक्त नितीश कुमार सिंह द्वारा 31 जुलाई तक प्लांट चालू करने की सख्त चेतावनी दिए जाने पर संस्था ने उनका आभार जताया। संस्था ने निर्णय लिया कि 31 जुलाई तक किसी तरह का आंदोलन नहीं किया जाएगा। यदि तय समय तक प्लांट चालू नहीं होता है तो उपायुक्त से मिलकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग
बैठक में सापड़ा स्थित 60 एमएलडी प्लांट के निर्माण, अधूरी पानी टंकी और घर-घर नल कनेक्शन का मुद्दा उठाया गया। इसके लिए उपायुक्त और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर दिसंबर 2026 तक आदित्यपुर-1 क्षेत्र में पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
जर्जर सड़कों और सीवेज समस्या पर भी चर्चा
बैठक में आदित्यपुर-कांड्रा, कांड्रा-सरायकेला, कांड्रा-चांडिल और कांड्रा-चौका मार्गों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई गई। इन सड़कों पर तत्काल टोल वसूली बंद करने की मांग की गई। वहीं, अधूरे सीवेज सिस्टम के कारण सड़कों पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को लेकर नगर निगम से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई।
NIT और आकाशवाणी का नाम बदलने की मांग
बैठक में NIT जमशेदपुर और आकाशवाणी जमशेदपुर का नाम बदलकर NIT आदित्यपुर और आकाशवाणी आदित्यपुर करने का प्रस्ताव भी रखा गया। आयोजकों का कहना है कि दोनों संस्थान भौतिक रूप से आदित्यपुर में स्थित हैं और आदित्यपुर एशिया का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। बैठक में लिली दास, अधिवक्ता विनोद कुमार, आशुतोष कुमार, मनोज दुबे, अजय सिंह, ऋषि कांत, अजय द्विवेदी, सच्चिदानंद सिंह, अभियंता अमरेश कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।