Jamshedpur News: झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन (JSSU) के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपकर झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को दोबारा आयोजित कराने की मांग की है। यूनियन का आरोप है कि संताली भाषा के प्रश्नपत्र में निर्धारित सिलेबस से बाहर के प्रश्न पूछे गए, जिससे संथाली भाषा के अभ्यर्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा में नुकसान उठाना पड़ा।
संथाली प्रश्नपत्र में 40 सवाल सिलेबस से बाहर होने का आरोप
यूनियन का कहना है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र-2 (क्षेत्रीय भाषा) में कुल 100 प्रश्नों में से करीब 40 प्रश्न जेसीजीएल, पीजीटी, यूजीसी नेट, यूपीएससी और जेपीएससी स्तर के सिलेबस से संबंधित थे। इसके अलावा चार प्रश्नों को पहले ही गलत माना जा चुका है। छात्रों का आरोप है कि इस कारण संताली भाषा के अभ्यर्थियों को असमान परिस्थितियों में परीक्षा देनी पड़ी और उनकी चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई।
प्रश्नपत्र की निष्पक्ष जांच और विशेषज्ञ समिति गठित कर परीक्षा दोबारा कराने की मांग
संगठन ने मांग की है कि संताली विषय के प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके लिए विशेषज्ञों की समिति गठित करने तथा परीक्षा दोबारा आयोजित करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रुटियों की पुनरावृत्ति न हो और अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छात्र स्वयं अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तक छात्रों की बात सीधे पहुंचे और मामले का निष्पक्ष समाधान निकले, इसी उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।