Palamu: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बहू गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 50 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है। वहीं, घायल बेटे भीम कुमार सिंह और बहू मुन्नी देवी का इलाज जारी है।
खेत में उतरे बेटे को लगा करंट
जानकारी के अनुसार, रोपाई से पहले खेत को तैयार करने के लिए मीना देवी अपने परिवार के साथ खेत गई थीं। इसी दौरान सबसे पहले उनका बेटा भीम कुमार सिंह खेत में काम करने के लिए उतरा। खेत में मौजूद बिजली के तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया और वहीं गिर पड़ा। बेटे को गिरता देख मीना देवी और उनकी बहू मुन्नी देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन दोनों भी बिजली के संपर्क में आ गईं।
ग्रामीणों ने तीनों को तार से अलग किया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह तीनों को बिजली के तार से अलग किया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए तुंबागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर मीना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भीम कुमार सिंह और मुन्नी देवी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जुटा रही घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सतबरवा थाना पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन घायलों को अस्पताल लेकर जा चुके थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।