CWG 2026: भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन पहली रजत सफलता मिली. भारतीय वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. ऋषिकांत ने प्रतियोगिता में कुल 264 किलोग्राम वजन उठाया. उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाकर दूसरे स्थान पर जगह बनाई.
स्वर्ण पदक की दौड़ आखिरी प्रयास तक रोमांचक रही. क्लीन एंड जर्क में ऋषिकांत ने 151 किलोग्राम उठाने की चुनौती ली, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सके. इसी का फायदा मलेशिया के अनिक कासदान को मिला, जिन्होंने कुल 273 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीत लिया. केन्या के जोशुआ मबोया 255 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
ऋषिकांत के रजत पदक जीतते ही सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया. खेल जगत की कई हस्तियों और प्रशंसकों ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे भारतीय भारोत्तोलन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. मणिपुर के इम्फाल वेस्ट के रहने वाले ऋषिकांत सिंह भारतीय सेना के खेल तंत्र से निखरकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे हैं. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने हल्के भार वर्ग में भारत के सबसे भरोसेमंद वेटलिफ्टरों में अपनी पहचान बनाई है.
इससे पहले कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. अहमदाबाद में आयोजित उस प्रतियोगिता में ऋषिकांत ने कुल 271 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था. इसी प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था. ऋषिकांत ने वर्ष 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में 55 किलोग्राम वर्ग से अंतरराष्ट्रीय सफर शुरू किया था. बाद में उन्होंने 60 किलोग्राम वर्ग में खुद को स्थापित किया और अब ग्लास्गो 2026 में भारत के लिए पहला रजत पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया.